चंडीगढ़ , जुलाई 27 -- हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एंड एसीबी) की रेवाड़ी इकाई ने नारनौल अग्निशमन केन्द्र में तैनात दमकलकर्मी संदीप यादव को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

ब्यूरो के अनुसार शिकायतकर्ता ने मेडिकल स्टोर और अस्पताल के लिए अग्नि सुरक्षा उपकरण लगवाने तथा फायर एनओसी जारी कराने के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि इस कार्य के बदले आरापी दमकल कर्मी ने 75 से 80 हजार रुपये तक की रिश्वत मांगी थी।

शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसवी एंड एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी को शिकायतकर्ता से 20 हजार की रिश्वत स्वीकार करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। कार्रवाई के दौरान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की धारा 105 के तहत सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया गया।

इस संबंध में एसवी एंड एसीबी थाना, गुरुग्राम में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित) की धारा 7 के तहत प्राथमकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करे तो इसकी सूचना टोल-फ्री हेल्पलाइन 1064, 1800-180-2022, व्हाट्सएप नंबर 9417891064 या ब्यूरो की वेबसाइट के माध्यम से दें। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित