जयपुर , अक्टूबर 17 -- राजस्थान में जयपुर जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने पंचायत चुनाव के प्रथम चरण के लिए जिला सांख्यिकी कार्यालय में चल रही मतदाता सूचियों के जांच कार्य का शनिवार को औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने प्रथम चरण में झोटवाड़ा, किशनगढ़-रेनवाल, जोबनेर, चौमूं, दूदू, मौजमाबाद, सांभर एवं गोविन्दगढ़ पंचायत समितियों के कुल 794 मतदान केंद्रों के लिए 7940 मतदाता सूचियों की जांच चिह्नित मतदाता प्रकोष्ठ में चल रहे कार्य का बारीकी से निरीक्षण किया एवं कार्मिकों को मतदाता सूचियों में विलोपित सूची को लाल स्याही से क्रॉस करने के निर्देश दिये। उन्होंने मतदाता सूचियों की गहनता से जांच करने के निर्देश भी प्रदान किये।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर जयपुर चतुर्थ आशीष कुमार, उप जिला अधिकारी मेघराज सिंह मीणा, सांख्यिकी विभाग के संयुक्त निदेशक एवं प्रभारी अधिकारी सांख्यिकी प्रकोष्ठ बाबूलाल मीणा सहित चुनाव कार्य में लगे हुए अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित