सागर , जून 12 -- मध्यप्रदेश के सागर जिले में लोकायुक्त पुलिस ने नामांतरण प्रकरण में 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एक पटवारी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। लोकायुक्त सूत्रों के अनुसार महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश तथा उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में लोकायुक्त सागर की टीम ने यह कार्रवाई की।
आरोपी की पहचान बम्होरी घाट हल्का क्रमांक 34, तहसील जैसीनगर के पटवारी मानवेंद्र सिंह ठाकुर के रूप में हुई है। शिकायतकर्ता भगवान दास सोलंकी ने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पुत्रवधू द्वारा ग्राम कंकर कुइया में खरीदी गई 1.4 हेक्टेयर भूमि के नामांतरण प्रकरण के निराकरण के लिए पटवारी 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है।
शिकायत का सत्यापन किए जाने के बाद लोकायुक्त टीम ने आज तिली तिराहा, गणेशपुरम रोड क्षेत्र में जाल बिछाकर कार्रवाई की। इस दौरान पटवारी मानवेंद्र सिंह ठाकुर को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
कार्रवाई निरीक्षक रंजीत सिंह, निरीक्षक कमल सिंह उइके तथा लोकायुक्त सागर के दल ने की। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित