रायपुर, 16 जनवरी 2026 ( वार्ता ) छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नौ वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म के गंभीर मामले में आरोपी अब्दुल सज्जाद अंसारी (65) के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। नगर निगम रायपुर ने आरोपी द्वारा नियमों का उल्लंघन कर बनाए गए मकान को ध्वस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस संबंध में नगर निगम की ओर से विधिवत नोटिस जारी किया गया है।

यह मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी का आवास नगर नियोजन नियमों के विपरीत निर्मित पाया गया है। निर्धारित समय-सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में निगम द्वारा मकान तोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जघन्य अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के प्रति किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी और 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर सख्ती से अमल किया जाएगा।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने जनवरी माह के दूसरे सप्ताह में अपने ही मोहल्ले की एक नाबालिग बच्ची को खाने-पीने की चीजों का लालच देकर कई बार अपने घर बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। बच्ची ने डर और धमकियों के चलते लंबे समय तक चुप्पी साधे रखी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित