रायगढ़ , सितंबर 24 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के छाल थाना क्षेत्र में एक नाबालिग को बदनाम करने की धमकी देकर सुनसान मकान में ले जाकर कथित रूप से दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से गुरुवार सुबह मिली जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के एक ग्रामीण ने सोमवार को अपनी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में गांव के ही एक युवक पर आरोप लगाया गया है। परिजनों के मुताबिक, 18 सितंबर की रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। इसी दौरान नाबालिग घर से कहीं चली गई और वापस नहीं लौटी।
परिजनों ने रात में उसकी तलाश की। अगले दिन सुबह नाबालिग खेत के पास बने एक सुनसान मकान में मिली, जिसके बाद परिजन उसे घर लेकर आए। पूछताछ के दौरान नाबालिग ने परिजनों को घटना के बारे में जानकारी दी।
नाबालिग के अनुसार, आरोपी शाम के समय उसके घर के पास आया था और रात करीब नौ बजे उसे खेत के पास स्थित सुनसान मकान में बुलाया था। आरोप है कि साथ नहीं आने पर उसने उसे बदनाम करने की धमकी दी। धमकी से डरकर नाबालिग उसके साथ चली गई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि सुनसान मकान में आरोपी ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में उसे वहीं छोड़कर चला गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने आपस में चर्चा कर छाल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 127(2), 64 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4, 6 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित