धार , जुलाई 01 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के सागौर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार 30 जून को पीड़िता ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि ग्राम खेड़ा निवासी 21 वर्षीय दीपक भाभर उसे बहला-फुसलाकर एक सुनसान स्थान पर ले गया, जहां उसके साथ मारपीट कर दुष्कर्म किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में विशेष पुलिस दल का गठन किया गया। पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज करने के बाद आरोपी की तलाश शुरू की और घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं तथा पॉक्सो अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। मामले की विवेचना जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित