बैतूल , मई 13 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के भैंसदेही थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी तथा एसडीओपी भैंसदेही भूपेन्द्र सिंह मौर्य के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश सातनकर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी विजय बैठेकर निवासी चुनखेड़ी, चिखलदरा जिला अमरावती, महाराष्ट्र को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किए जाने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी विजय पिता सालिकराम बैठेकर उसे बहला-फुसलाकर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। महाराष्ट्र से जीरो पर प्राप्त सूचना के आधार पर थाना भैंसदेही में अपराध क्रमांक 83/26 के तहत धारा 137(2), 64(2) बीएनएस तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 4/6 में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेश सातनकर, उप निरीक्षक जयवंती श्रवणकर, प्रधान आरक्षक परसराम लोखंडे, महिला आरक्षक जिया किरार तथा सैनिक अमर चौहान की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस अधीक्षक जैन ने कहा कि जिले में गंभीर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सभी थाना प्रभारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित