बैतूल , मार्च 27 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने के मामले में तीन माह से फरार चल रहे इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र कुमार जैन के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी मुलताई एस.के. सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह परिहार के नेतृत्व में टीम ने आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।

पुलिस के अनुसार पीड़िता ने 9 जनवरी 2026 को थाना मुलताई में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 15 दिसंबर 2025 को मुलताई मेले के दौरान आरोपी लतिप उर्फ ललित ने उसकी जबरन फोटो खींची और उसे वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद 7 जनवरी 2026 को पीड़िता को खेत जाते समय आरोपी के साथियों ने रोककर मुख्य आरोपी से फोन पर बात कराई और रात में घर आने का दबाव बनाया। मना करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 26/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था और लगातार ठिकाने बदल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी संसाधनों की मदद से 26 मार्च को सूचना मिलने पर उसके गांव कोंढर में घेराबंदी कर आरोपी लतिप उर्फ ललित (30) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित