भीलवाड़ा , सितम्बर 30 -- राजस्थान में भीलवाड़ा में एक नाबालिग विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार करीब डेढ़ वर्ष पूर्व बाल्य अवस्था में ब्याही गई एक नाबालिग लड़की की ससुराल में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पीडि़ता के पिता ने ससुराल पक्ष पर बालिका को मानसिक प्रताडना देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। उपखंड अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।

नाबालिग के पिता बाबू लाल ने पुलिस को बताया कि उनकी नाबालिग पुत्री का विवाह करीब डेढ़ वर्ष पहले मांडल थाना क्षेत्र के किशन के साथ हुआ था। बालिका के नाबालिग होने के कारण वह अपने पिता के घर ही रह रही थी। आरोप है कि गत 27 सितंबर की शाम को किशन बिना परिवार की सहमति एवं जानकारी के नाबालिग पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने गांव ले गया।

इसके बाद उसकी पुत्री के ससुर ने सूचना दी कि उनकी पुत्री बीमार है और उसे अस्पताल ले जाना है। जब परिजन उसकी ससुराल पहुंचे, वहां पुत्री बेहोश मिली। परिजनों द्वारा कड़ाई से पूछताछ करने पर ससुर ने दावा किया कि उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। परिजन तत्काल अचेत अवस्था में नाबालिग विवाहिता को मांडल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित