उज्जैन , अगस्त 14 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले में पान बिहार चौकी पुलिस ने नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म करने और उसे तथा उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी देने के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि गत 22 जून को नाबालिग पीड़िता घर पर अकेली थी। इसी दौरान आरोपी कुल्फी बेचने के बहाने उसके घर पहुंचा। पानी मांगने के बहाने घर में प्रवेश करने के बाद आरोपी ने पीड़िता को डराते-धमकाते हुए उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना किसी को बताने पर पीड़िता और उसके माता-पिता को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद भी आरोपी ने फोन कर पीड़िता को धमकाया।
पीड़िता द्वारा अपने माता-पिता को घटना की जानकारी देने के बाद थाना घट्टिया में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने आरोपी को 13 अगस्त को ग्राम बच्चूखेड़ा से गिरफ्तार किया। उसे आज न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से जेल वारंट प्राप्त होने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित