प्रयागराज, फरवरी 25 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी ने आज एक बड़ा खुलासा किया है। कहा नाबालिग बच्चों के मेडिकल में उनके साथ यौन उत्पीड़न की पुष्टि हो गई है, उन्होंने कहा पीड़ित नाबालिग बच्चों ने अपने बयान में एक अन्य आरोपी अरविन्द का भी नाम लिया है।

आरोपी अरविंद स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का गुरु भाई है,आशुतोष ब्रह्मचारी ने कहा है कि अरविंद मुकुंदानंद का भी सहयोगी है।जब बच्चों को आश्रम में पेश किया जाता था तो वह उसमें भी सहयोग करता था।आशुतोष ब्रह्मचारी ने आज शाम तक इस मामले में कुछ नए नाम का खुलासा करने का भी ऐलान किया है उन्होंने कहा है कि उनके पास जिस तरह के ठोस साक्ष्य मौजूद हैं,उससे निश्चित तौर पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को कोर्ट में वह सजा दिलाएंगे।

आशुतोष ब्रह्मचारी ने कहा पुलिस की जांच से वह पूरी तरह संतुष्ट हैं, उन्होंने कहा है कि विवेचना सही दिशा में आगे बढ़ रही है, वह दिन दूर नहीं जब षड्यंत्र खत्म होगा और कलयुग का अंत होगा।

उन्होंने दावा किया है कि पीड़ितों की संख्या 20 के करीब है। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती द्वारा यूपी पुलिस के जांच पर भरोसा न होने और जांच किसी बाहरी राज्य की पुलिस से कराए जाने की मांग पर कहा,वह चाहे कांग्रेस शासित प्रदेश की पुलिस से जांच करा लें,या फिर दुनिया की सर्वश्रेष्ठ मानी जाने वाली स्कॉटलैंड की पुलिस से जांच करा लें,लेकिन जिस तरह के साक्ष्य उनके खिलाफ मौजूद हैं उन्हें सजा होकर रहेगी।

वहीं आरोप लगाने वाले बच्चों के उनके आश्रम के न होने के सवाल पर आशुतोष ब्रह्मचारी ने कहा है कि वह झूठ बोल रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित