टिहरी , मार्च 29 -- उत्तराखंड में टिहरी जनपद के घनसाली थाना क्षेत्र से लापता हुई 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कल देर रात पंजाब के मोगा से सकुशल बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 23 मार्च को शिकायतकर्ता द्वारा अपनी नाबालिग पुत्री के बिना बताए घर से चले जाने की सूचना दी गई थी। इस पर थाना घनसाली में मुकदमा अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने बालिका के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल (सीडीआर) खंगाली, जिससे उसकी लोकेशन पंजाब के मोगा में पाई गई। इसके बाद पुलिस टीम का गठन कर तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया।

लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने मोगा से नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। इस दौरान आरोपी युद्धवीर सिंह पुत्र कुलविंदर सिंह निवासी चंद्रनगर, मोगा (पंजाब) को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जिला कारागार नई टिहरी भेज दिया गया। साथ ही आरोपी के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित