भोपाल , अगस्त 21 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में नाबालिग हिंदू लड़की के कथित अपहरण के मामले में कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए हिंदू संगठनों ने शुक्रवार को जहांगीराबाद थाने के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से आरोपी युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और नाबालिग को तलाशने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि एक मुस्लिम युवक कुरावर से नाबालिग लड़की को कथित रूप से अपहरण कर ले गया है। उनका कहना है कि शिकायत के बावजूद पुलिस द्वारा अपेक्षित कार्रवाई नहीं किए जाने के विरोध में संगठन के कार्यकर्ता थाने के बाहर एकत्र हुए और धरने पर बैठ गए।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस से मामले में तत्काल कार्रवाई करने की मांग की। स्थिति को देखते हुए जहांगीराबाद थाने के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें कार्रवाई का आश्वासन देने का प्रयास किया।
पुलिस मामले की जांच करने के साथ नाबालिग की तलाश और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस कार्रवाई के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित