धार , जून 15 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा तीन हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार 20 फरवरी को निसरपुर चौकी क्षेत्र के एक निवासी ने अपनी 16 वर्षीय पुत्री के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर बालिका की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से सूचना मिली कि बालिका गुजरात के पाटडी क्षेत्र में देखी गई है। इसके बाद पुलिस टीम बालिका के पिता के साथ गुजरात पहुंची और एक झोपड़ी से बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया था।
बालिका के बयान के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपी दीपक भूरिया उसे विवाह का झांसा देकर अपने साथ ले गया था। आरोप है कि उसने बालिका को अपने रिश्तेदार के घर ले जाकर कई दिनों तक बंधक बनाकर रखा तथा उसके साथ दुष्कर्म किया। इस मामले में एक अन्य आरोपी पर सहयोग करने का आरोप है।
पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर अपहरण, दुष्कर्म तथा लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया। इसके बाद लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश देकर मुख्य आरोपी दीपक भूरिया (21) तथा उसके सहयोगी आशीष देवका (23) को गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेश यादव, निसरपुर चौकी प्रभारी रवि वास्के, साइबर प्रकोष्ठ प्रभारी प्रशांत गुंजाल तथा पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित