रायबरेली , जुलाई 25 -- उत्तर प्रदेश में रायबरेली जिले के सलोन इलाके में पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और दुष्कर्म करने के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सूत्रों से शनिवार को बताया कि सलोन क्षेत्र की एक वादिनी ने प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया था कि आठ जुलाई को विपक्षी विकास पटेल उसकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना सलोन में अभियोग पंजीकृत किया गया था।

पुलिस टीम द्वारा लगातार पीड़िता की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे। इसी क्रम में शनिवार को मुखबिर की सूचना पर थाना क्षेत्र अंतर्गत गणेशगंज बाईपास के पास से वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया तथा पीड़िता को सकुशल बरामद किया गया।

आरोपी के विरुद्ध स्थानीय थाने पर अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित