रायगढ़ , अप्रैल 06 -- छत्तीसगढ़ में रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अपहरण के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर अपहृत नाबालिग किशोर को सकुशल बरामद कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना की रिपोर्ट पीड़ित बालक की मां द्वारा तीन अप्रैल को थाना लैलूंगा में दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि दो अप्रैल की रात आरोपी राजेश गुप्ता (36), निवासी ग्राम टटकेला, शराब के नशे में प्रार्थिया के घर में जबरन घुसा और उसके पुत्र को जगाकर उसके पिता के बारे में पूछताछ करने लगा।

पिता के घर पर नहीं होने की जानकारी मिलने पर आरोपी ने किशोर को जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने धमकी देते हुए कहा कि "इसको ले जा रहा हूं, इसका बाप 10,000 रुपये लेकर मेरे पास आएगा" तथा घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी दी।

प्रार्थिया जब ग्रामीणों के साथ थाना रिपोर्ट दर्ज कराने जा रही थी, तब आरोपी ने रास्ते में उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर दुर्घटना करने का प्रयास किया। ग्राम कुंजारा के पास आरोपी ने उनकी कार को टक्कर मारी और बाद में थाना के पास उनकी कार को पीछे से टक्कर मारकर फरार हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बीएनएस एवं मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव एवं सहायक उप निरीक्षक राजेश दर्शन के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बालक की तलाश शुरू की।

पुलिस टीम ने ग्राम कुंजारा और सारसमाल के बीच से अपहृत बालक को सुरक्षित बरामद कर लिया। साथ ही जंगल क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को उसके टीयूवी वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया गया। घटना में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित