उत्तरकाशी , मई 11 -- उत्तराखंड में उत्तरकाशी के पुरोला थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी के घर से बिना बताए चले जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सोमवार को किशोरी को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते दिनों एक व्यक्ति ने थाना पुरोला में अपनी पुत्री के नौ मई को घर से बिना बताए चले जाने और वापस न लौटने संबंधी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। विवेचना के दौरान किशोरी के नाबालिग होने की पुष्टि होने पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया।
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देश पर थानाध्यक्ष पुरोला दीपक कठैत के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए देर शाम मोरी क्षेत्र के एक गांव से किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया।
पीड़िता के बयान एवं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले में पॉक्सो अधिनियम की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित