हैदराबाद , जून 13 -- तेलंगाना रक्षण सेना (टीआरएस) की अध्यक्ष के. कविता ने शनिवार को खम्मम की उस 12 वर्षीय लड़की से मुलाकात की, जिसके साथ कथित रूप से दुष्कर्म का प्रयास किया गया था।
पीड़िता का एक स्थानीय अस्पताल में इलाज चल रहा है। सुश्री कविता ने अस्पताल जाकर चिकित्सकों से पीड़िता के स्वास्थ्य की स्थिति और इलाज के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पीड़िता के माता-पिता को ढाढस बंधाया और इस कठिन समय में सहायता का आश्वासन दिया।
सुश्री कविता ने पत्रकारों से बातचीत में इस घटना को हृदयविदारक बताया और आरोपियों के लिए मृत्युदंड सहित सख्त से सख्त सजा की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवार पर मामला वापस लेने के लिए दबाव डाले जाने की खबरें हैं। उन्होंने जोर दिया कि मामले की जांच और कानूनी कार्यवाही बिना किसी राजनीतिक हस्तक्षेप के की जानी चाहिये।
सुश्री कविता ने सरकार से पीड़िता के परिवार को व्यापक सहायता प्रदान करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पीड़िता के माता-पिता दैनिक वेतन भोगी मजदूर हैं। यदि पीड़ित लड़की की स्थिति स्थायी विकलांगता का रूप ले लेती है, तो उसकी देखभाल करने के लिये उसके माता-पिता को लंबा संघर्ष करना पड़ सकता है। उन्होंने परिवार के लिए तत्काल एक मकान स्वीकृत करने की मांग की और उनकी सहायता के लिए या तो एकमुश्त वित्तीय पैकेज या 50,000 रुपये प्रति माह पेंशन का सुझाव दिया। सुश्री कविता ने पीड़िता के परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की भी मांग की। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि आरोपी जमानत हासिल कर सकते हैं और पीड़िता व उसके परिजनों के लिए खतरा पैदा कर सकते हैं।
सुश्री कविता ने राज्य में नाबालिगों के खिलाफ अत्याचार की घटनाएं बार-बार होने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी से राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करने की मांग की। उन्होंने मांग की कि राज्य सरकार ऐसे अपराधों को रोकने तथा महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल सख्त कदम उठाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित