धार , अगस्त 14 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में नाबालिग बालिकाओं के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को राजगढ़ पुलिस ने गुजरात के मोरबी और राजकोट से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर नाबालिगों को शादी का झांसा देकर अपने साथ ले जाने और दुष्कर्म करने का आरोप है। पुलिस ने दोनों बालिकाओं को भी गुजरात से सकुशल दस्तयाब कर परिजनों को सौंप दिया।

पुलिस के अनुसार राजगढ़ थाने में दर्ज दो अलग-अलग मामलों में नाबालिग बालिकाओं के लापता होने के बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की थी। महिला पुलिस अधिकारी ने बालिकाओं के बयान दर्ज किए, जिसमें उन्होंने आरोपियों पर शादी का झांसा देकर अपने साथ ले जाने और दुष्कर्म करने के आरोप लगाए।

पुलिस टीम ने साइबर क्राइम ब्रांच की मदद से गुजरात में आरोपियों के ठिकानों का पता लगाया। इसके बाद पुलिस ने महेश पिता घनश्याम मकवाना (21), निवासी जींतोड़ी, राजगढ़ को मोरबी तथा रवि पिता नेहरू मेड़ा (27), निवासी कालीबिल्लोद, बेटमा को राजकोट क्षेत्र से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज हैं और वे फरार चल रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय सरदारपुर के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक जिले में महिला संबंधी अपराधों की मासिक समीक्षा के दौरान पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा ने थाना प्रभारियों को फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी राजगढ़ समीर पाटीदार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।

कार्रवाई में उप निरीक्षक जुली अमलियार, सहायक उप निरीक्षक रईस पठान, प्रधान आरक्षक गोपाल परमार, प्रधान आरक्षक आसिफ शेख और आरक्षक जयंत जादौन की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस द्वारा महिला एवं बालिका संबंधी अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित