पन्ना , मार्च 24 -- मध्यप्रदेश के पन्ना जिले की पुलिस ने थाना देवेन्द्रनगर क्षेत्र में नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी को पठानकोट (पंजाब) से गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार 14 वर्षीय बालिका ने थाना देवेन्द्रनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि पड़ोस में रहने वाले आरोपी ने घर पर अकेली होने पर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इस पर थाना पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 65(1), 332(बी) बीएनएस एवं 3/4(2) पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की।
पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती निवेदिता नायडू के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री वंदना सिंह चौहान एवं एसडीओपी एस.पी. सिंह बघेल के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। विवेचना के दौरान फरियादिया एवं साक्षियों के कथन लिए गए तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए।
सायबर सेल की तकनीकी सहायता एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी के पठानकोट (पंजाब) में होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित