पटना , अप्रैल 27 -- िहार में क्षेत्रीय विकास और सुदृढ़ ग्रामीण संपर्कता सुनिश्चित करने की दिशा में ग्रामीण कार्य विभाग की ओर से राज्य योजना (नाबार्ड) के अंतर्गत भागलपुर प्रमंडल में आधारभूत संरचना का उल्लेखनीय विकास किया गया है। इस पहल के तहत प्रमंडल के विभिन्न दुर्गम एवं पिछड़े ग्रामीण क्षेत्रों में 112 किलोमीटर पक्की ग्रामीण सड़कों और 27 पुलों का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है, जिससे सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित हुआ है।
उल्लेखनीय है कि भागलपुर प्रमंडल अंतर्गत भौगोलिक दृष्टि से चुनौतीपूर्ण बांका जिले में 53 किलोमीटर सड़कों और 16 पुलों का निर्माण कर दूरस्थ गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ा गया है। साथ ही भागलपुर जिले में 59 किलोमीटर पक्की सड़कों और 11 पुलों का निर्माण पूरा कर ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्कता को नई मजबूती प्रदान की गई है।
ग्रामीण संपर्कता के इस सुदृढ़ नेटवर्क का प्रत्यक्ष लाभ स्थानीय जनजीवन में स्पष्ट रूप से परिलक्षित हो रहा है। जहां पूर्व में दुर्गम मार्गों और मौसमी बाधाओं के कारण आवागमन सीमित था, वहीं अब पक्की सड़कों और पुलों के माध्यम से गांवों तक सुरक्षित यातायात संभव हुआ है। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच अधिक सुलभ हुई है। विशेष रूप से इन पक्की सड़कों और पुलों के निर्माण से गांवों से शहरों जाने वाले युवाओं और नौकरीपेशा लोगों का सफर अत्यंत सुगम और सुरक्षित हो गया है। इस साथ ही सुदृढ़ बारहमासी संपर्कता के कारण भागलपुर के सिल्क उद्यमियों और बांका के किसानों को मदद मिल रही है, जिससे पूरे प्रमंडल की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को एक स्थायी संबल प्राप्त हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित