दंतेवाड़ा , अप्रैल 08 -- राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) द्वारा छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक, आंवराभाठा को वित्तीय साक्षरता वैन प्रदान की गई है। इस पहल का उद्देश्य जिले के दूरस्थ एवं ग्रामीण अंचलों में बैंकिंग सेवाओं और वित्तीय प्रबंधन के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है।

वैन के माध्यम से गांव-गांव जाकर लोगों को सरल भाषा में वित्तीय जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे औपचारिक बैंकिंग प्रणाली से जुड़ सकें।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक के कॉर्पोरेट कार्यालय रायपुर से क्षेत्रीय प्रबंधक विजय वसंत रायकवाड, क्षेत्रीय प्रबंधक मोहित सिंगल, लीड बैंक मैनेजर सुरेन्द्र कुमार काकड़े, बैंक मैनेजर मनोज कुमार तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के बीपीएम धर्मेंद्र ठाकुर सहित बैंक के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वैन की उपयोगिता और इसके संचालन से संबंधित जानकारी भी साझा की गई।

अधिकारियों ने बताया कि यह वित्तीय साक्षरता वैन ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को बचत, ऋण, बीमा, पेंशन योजनाओं और डिजिटल भुगतान जैसे विषयों पर जागरूक करेगी। इसके साथ ही लोगों को मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई और एटीएम के सुरक्षित उपयोग की जानकारी भी दी जाएगी, ताकि वे आधुनिक बैंकिंग सेवाओं का लाभ बिना किसी डर या भ्रम के उठा सकें।

उन्होंने कहा कि इस पहल से ग्रामीण नागरिकों की आर्थिक समझ मजबूत होगी और वे विभिन्न सरकारी एवं बैंकिंग योजनाओं का लाभ बेहतर तरीके से ले पाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित