भोपाल , मार्च 16 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित नापतौल विभाग के आधिकारिक ईमेल पते पर धमकी भरा मेल मिलने के बाद हड़कंप मच गया। ईमेल में विभाग के कार्यालय में साइनाइड गैस से भरे सिलेंडर रखे होने और विस्फोट की चेतावनी दी गई थी।

ईमेल मिलने के बाद विभागीय अधिकारियों ने इसकी सूचना वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों को दी। स्थानीय थाना पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर कार्यालय का निरीक्षण किया।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार सोमवार सुबह लगभग नौ बजे विभाग की शासकीय ईमेल आईडी पर यह संदेश प्राप्त हुआ। ईमेल में दावा किया गया था कि नापतौल विभाग कार्यालय में साइनाइड गैस से भरे 16 सिलेंडर रखे गए हैं, जो दोपहर एक बजे फटेंगे।

सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता, स्थानीय पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। एहतियात के तौर पर कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों को बाहर निकालकर परिसर की सघन तलाशी ली गई। हालांकि तलाशी के दौरान किसी भी प्रकार के सिलेंडर या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली और धमकी फर्जी पाई गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित