अमरोहा , मई 01 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में नानी की मामूली डांट से आहत होकर कक्षा छह के एक छात्र के नहर में कूद जाने की हृदयविदारक घटना सामने आई है। देर शाम तक चले तलाशी अभियान में उसका कोई पता नहीं चल सका, जिसके बाद रात में अभियान रोक दिया गया।

पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि थाना मंडी धनौरा क्षेत्र के गांव मिलक अख्तियारपुर में आज दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब छात्र आर्यंस (12) ने अचानक रामगंगा पोषक नहर में छलांग लगा दी। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

आर्यंस, डिडौली थाना क्षेत्र के गांव मुबारकपुर नूरी निवासी रवि कुमार का पुत्र था और अपने मामा आकाश के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह पास के गांव हैवतपुर स्थित एक निजी विद्यालय में कक्षा छह का छात्र था। परिजनों के अनुसार वह पिछले कुछ समय से चिड़चिड़ा व्यवहार कर रहा था।

बताया जाता है कि शुक्रवार दोपहर वह अपनी नानी के साथ खेत पर गया था। किसी बात को लेकर नानी ने उसे डांट दिया, जिससे आहत होकर वह खेत के पास से गुजर रही नहर के किनारे पहुंचा और अचानक उसमें कूद गया। नानी ने उसे डूबते देख शोर मचाया, जिस पर आसपास काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बालक तेज बहाव में ओझल हो चुका था।

सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। कई घंटों तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान परिजन बदहवास हालत में मौके पर डटे रहे और बालक का नाम लेकर रोते-बिलखते रहे, लेकिन देर शाम तक कोई सफलता नहीं मिली।

थाना प्रभारी निरीक्षक अमरपाल सिंह ने बताया कि छात्र की तलाश के लिए गोताखोरों की मदद ली जा रही है और पुलिस-प्रशासन की टीम लगातार निगरानी बनाए हुए है। अंधेरा होने के कारण रात में तलाशी अभियान रोक दिया गया है, जिसे पुनः शुरू किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित