अमृतसर , अक्टूबर 03 -- नानकसर कलेरां, जगरांव के बाबा लखा सिंह ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से मुलाकात को गलती बताते हुए शनिवार को श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज को अपना स्पष्टीकरण सौंपा।
श्री अकाल तख्त साहिब सचिवालय के प्रभारी बगीचा सिंह के अनुसार, बाबा लखा सिंह ने अपने स्पष्टीकरण में कहा कि मुख्यमंत्री के संबंध में अकाल तख्त साहिब के आदेश को देखते हुए उन्हें उनसे मुलाकात नहीं करनी चाहिए थी और वह इसे अपनी गलती मानते हैं।
बाबा लखा सिंह ने कहा कि मुलाकात नानकसर संप्रदाय द्वारा संचालित अस्पताल से जुड़े प्रशासनिक मामलों के संबंध में हुई थी। उनके अनुसार, कुछ मामलों के समाधान में अधिकारियों द्वारा असमर्थता जताये जाने के बाद मुख्यमंत्री से निर्देश लेने की सलाह दी गयी थी। उन्होंने कहा कि वह श्री अकाल तख्त साहिब के प्रति समर्पित हैं और तख्त साहिब के प्रत्येक आदेश को सम्मानपूर्वक स्वीकार करते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने पंजाब सरकार के कथित बेअदबी विरोधी कानून की प्रशंसा नहीं की थी। उनके अनुसार, मीडिया में उनकी ओर से कानून की प्रशंसा किये जाने संबंधी प्रकाशित खबरें गलत हैं और सरकार ने उनके नाम पर अपने स्तर पर ऐसा बयान जारी किया था।
बगीचा सिंह ने कहा कि बाबा लखा सिंह का स्पष्टीकरण और खेद जताने संबंधी पत्र जत्थेदार को प्राप्त हो गया है। मामले को पांच सिंह साहिबानों की बैठक में विचार एवं निर्णय के लिए रखा जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित