रूद्रपुर , अक्टूबर 19 -- उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के नानकमत्ता में पुलिस ने गोलीबारी करके एक व्यक्ति की हत्या के मामले में नामजद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से तमंचा और कारतूस भी बरामद किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने सोमवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि विगत 18 अक्टूबर को नानकमत्ता के ग्राम सिद्धानवदिया में फायरिंग के साथ ही एक व्यक्ति की मौत की घटना सामने आई थी। ग्रामीण सोनू सिंह ने इस संदर्भ में थाना नानकमत्ता में तहरीर दी।

आरोप लगाया गया कि कुछ लोगों ने उनके घर पर पथराव और फायरिंग की। इस दौरान उनके 35 वर्षीय भाई सतनाम सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। तहरीर के आधार पर कोतवाली नानकमत्ता में भारतीय न्याय संहिता ए(बीएनएस) की धारा 103(3)/3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया।

एसएसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वयं मौके पर जाकर मुआयना किया। पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर और क्षेत्राधिकारी खटीमा के नेतृत्व में कोतवाली नानकमत्ता और अतिरिक्त पुलिस बल की पांच टीमें गठित की गईं। टीमों ने वादी के बयान, साक्ष्य संकलन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सुरागरसी-पतारसी के बाद 19 अक्टूबर को नामजद आरोपी कुलदीप सिंह उर्फ बन्टीऔर लखविन्दर सिंह उर्फ लक्की निवासीगण सिद्धानवदिया कोतवाली नानकमत्ता को मटिहा बॉर्डर से गिरफ्तार कर लिया।

इसी मामले में आरोपी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी नागरा निवासी ग्राम नौगजा, नानकमत्ता, कोमल सिंह निवासी ग्राम विडौरा मझोला, नानकमत्ता, कमल सिंह निवासी नौगजा कोतवाली नानकमत्ता औ रमनदीप कौर निवासी सिद्धानवदिया कोतवाली नानकमत्ता फरार हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित