वाशिंगटन/ब्रसेल्स , अप्रैल 24 -- स्पेन के प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज़ ने उन खबरों को खारिज कर दिया है, जिनमें कहा गया था कि पेंटागन स्पेन के खिलाफ कार्रवाई, यहां तक कि उसकी नाटो भागीदारी सीमित करने पर विचार कर रहा है।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिका का रक्षा विभाग नाटो सहयोगियों के खिलाफ कदमों पर विचार कर रहा है, खासकर उन देशों के खिलाफ जो ईरान से जुड़े सैन्य अभियानों में अमेरिका का समर्थन नहीं कर रहे हैं।
श्री सांचेज़ ने कहा कि उनकी सरकार "अनौपचारिक संदेशों" पर प्रतिक्रिया नहीं देती और केवल आधिकारिक दस्तावेजों तथा अमेरिकी सरकार के औपचारिक रुख को ही महत्व देती है।
ट्रंप प्रशासन ने नाटो के उन सदस्यों की आलोचना तेज कर दी है जिन पर वह "फ्री-राइडिंग" का आरोप लगाता है और कहता है कि वे अमेरिकी सैन्य प्रयासों, विशेष रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षा से संबंधित प्रयासों का पर्याप्त समर्थन नहीं कर रहे हैं।
स्पेन ने स्पष्ट किया है कि वह अंतरराष्ट्रीय कानून के दायरे में रहते हुए सहयोगियों के साथ काम करता है। उसने ईरान संघर्ष से जुड़े अभियानों के लिए अमेरिकी बलों को अपने सैन्य अड्डों और हवाई क्षेत्र के उपयोग की अनुमति देने से इनकार किया है।
इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नाटो सहयोगियों की आलोचना करते हुए उन पर पर्याप्त योगदान न देने का आरोप लगाया है और गठबंधन की उपयोगिता पर भी सवाल उठाए हैं।
श्री ट्रंप नाटो को "कागज़ी शेर" कहते रहे हैं और इस गठबंधन में अमेरिका की निरंतर भागीदारी के महत्व पर भी सवाल उठाया है। श्री ट्रंप ने उन देशों के लिए व्यापारिक परिणामों की धमकी दी है जो अमेरिकी सेना की पहुंच को सीमित करते हैं।
नाटो में सदस्य देशों को निलंबित या निष्कासित करने का कोई औपचारिक प्रावधान नहीं है, हालांकि सदस्य देश स्वयं अलग हो सकते हैं।
यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख काजा कलास ने संकेत दिया कि संघर्ष के बाद समुद्री सुरक्षा, जैसे हॉर्मुज जलडमरूमध्य में बारूदी सुरंग हटाने और जहाजों की सुरक्षा पर सहयोग को लेकर चर्चा जारी है।
नाटो महासचिव मार्क रट ने कहा कि सदस्य देशों के बीच हवाई मार्ग और सैन्य अड्डों के उपयोग से जुड़े मौजूदा समझौतों का सम्मान किया जाना चाहिए।
रिपोर्टों के अनुसार, फ्रांस और ब्रिटेन ने भी अमेरिकी अभियानों के लिए पूर्ण सैन्य पहुंच देने से परहेज किया है, जबकि इटली ने सिसिली स्थित अपने एक एयरबेस के उपयोग की अनुमति नहीं दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित