दीमापुर , फरवरी 01 -- नागालैंड में कोहिमा जिले के 10 माइल रोड पर एक बस के पलट जाने से पांच महिलाओं की मौत हो गयी।
कोहिमा पुलिस के सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना शनिवार की देर रात उस समय हुई जब मोकोकचुंग में एक कार्यक्रम के बाद चर्च के 32 सदस्यों को ले जा रही बस अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में पांच महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गयी। उनके शवों को दुर्घटनाग्रस्त बसे से निकाला गया और सभी जरुरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उनके परिवारों को सौंप दिया गया। मामूली रूप से जख्मी अन्य यात्रियों को दीमापुर के क्रिश्चियन इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ साइंसेज एंड रिसर्च में भर्ती कराया गया है।
पुलिस घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।
इस बीच नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफ़्यू रियो ने आज मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि तथा गंभीर रूप से घायल लोगों को 50,000 रुपये की वित्तीय मदद देने की घोषणा की है।
श्री रियो ने मृतकों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित