दीमापुर , सितंबर 13 -- नागालैंड के तुएनसांग सिविल अस्पताल में पिछले तीन दिनों के दौरान संदिग्ध जहरीली शराब पीने से कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद पुलिस महानिदेशक रूपिन शर्मा ने रेड अलर्ट जारी करते हुए लोगों से शराब का सेवन न करने की अपील की है।
अधिकारियों के अनुसार, मिलावटी शराब का सेवन करने के बाद पीड़ितों ने सांस लेने में तकलीफ की शिकायत की थी, जिसके बाद उनकी मौत हुई। हालांकि मौतों के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है, लेकिन डीजीपी शर्मा ने कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार मौतें संदिग्ध जहरीली मदिरा (विशेष रूप से रम) के सेवन से हुई प्रतीत होती हैं।
डीजीपी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए इस घटना को गंभीर बताते हुए एहतियात के तौर पर राज्य के लोगों, विशेषकर मोन, मोकोकचुंग, तुएनसांग, लोंगलेन्ग, किफिरे, शमाटोर और नोकलॉक जिलों के निवासियों को मदिरा का सेवन न करने की सलाह दी है।
उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच से संकेत मिलता है कि पीड़ितों ने जहरीली रम के एक विशेष बैच का सेवन किया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित