श्री केदारनाथ धाम , मई 13 -- नागालैंड के राज्यपाल नन्द किशोर यादव दर्शन ने बुधवार को उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद में हिमालय की हिमाच्छादित पर्वत श्रृंखला पर स्थित भगवान शिव के ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम में विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान श्री केदारनाथ के दर्शन किये।

इस अवसर पर उन्होंने देश एवं प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

राज्यपाल श्री यादव प्रातः श्री केदारनाथ धाम पहुंचे, जहां मंदिर समिति एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा उनका स्वागत किया गया। उन्होंने मंदिर के गर्भगृह में बाबा केदार के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके उपरांत उन्होंने धाम की दिव्य एवं आध्यात्मिक अनुभूति को अविस्मरणीय बताते हुए कहा कि श्री केदारनाथ धाम आस्था, श्रद्धा और सनातन संस्कृति का अद्भुत केंद्र है।

उन्होंने यात्रा व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड सरकार, जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग एवं विभिन्न सेवा संस्थाओं द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए सराहनीय कार्य किए गए हैं। उन्होंने यात्रा मार्ग एवं धाम में उपलब्ध व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बताते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की प्रशंसा की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित