दीमापुर , मई 18 -- )केंद्रीय पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास विभाग के मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने नागालैंड में कॉफी उद्योग को बढ़ावा देने के लिए सोमवार को यहां क्लस्टर (संकुल) आधारित कॉफी मूल्यवर्धन श्रृंखला विकास मिशन का शुभारंभ किया।
इस मौके पर आयोजित समारोह में विभाग के राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार, नागालैंड के मुख्यमंत्री एस. नेफियू रियो, उपमुख्यमंत्री टी. आर. ज़ेलियांग, विधायक एवं भूमि संसाधन सलाहकार जी. इकुतो ज़िमोमी और पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास विभाग के सचिव संजय जाजू , भारतीय कॉफी बोर्ड के प्रतिनिधि, किसान और उद्यमी उपस्थित थे।
करीब 175 करोड़ रुपये के परिव्यय के साथ निर्मित "नागालैंड की कॉफी" मिशन को समग्र सरकारी दृष्टिकोण से तैयार किया गया है और सभी हितधारकों के दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए योजना बनाई गई है, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि हस्तक्षेप जमीनी हकीकतों और किसान समुदायों की आकांक्षाओं को प्रतिबिंबित करें। इस पहल का उद्देश्य बागान विकास, फसल कटाई के बाद की प्रसंस्करण प्रक्रिया, ब्रांडिंग, विपणन, पता लगाने की क्षमता, निर्यात, पर्यटन और क्षमता निर्माण को एकीकृत करके कॉफी मूल्य श्रृंखला में मौजूद महत्वपूर्ण कमियों को दूर करना है।
मुख्यमंत्री ने नागालैंड में कॉफी के विकास से जुड़ी इस परिवर्तनकारी परियोजना के लिए उदारतापूर्वक सहयोग देने पर श्री सिंधिया का आभार जताया। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के लिए पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास और उत्तर पूर्वी परिषद का नागालैंड के भूमि संसाधन विभाग को 44.06 करोड़ रुपये प्रदान किये जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित