दीमापुर , मई 02 -- नागालैंड में अंगामी और आओ नगा जनजाति से संबंधित दो नगा गांवों ने शनिवार को मोकोकचुंग जिले के उंग्मा गांव में अपने भाईचारे के 25 वर्ष पूरे होने का जश्न मनाया।

भविष्य की अपनी प्रतिबद्धता को और पुख्ता करने के उद्देश्य से दोनों गांवों ने औपचारिक रूप से 'उंग्मा घोषणापत्र' अपनाया। इसके तहत उन्होंने अपनी दोस्ती के इस अनूठे बंधन को लगातार मजबूत करने और आगे ले जाने का संकल्प लिया।

अंगामी नगा जनजाति से आने वाले नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो 'सौहार्द को बढ़ावा देने' के विषय पर आयोजित इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं आओ नगा जनजाति के पूर्व मुख्यमंत्री एससी जमीर सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। नागालैंड विधानसभा अध्यक्ष शेयरिंगेन लोगकुमेर इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के मुख्य मेजबान थे।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दोनों गांवों के बीच भाईचारे की पृष्ठभूमि साझा की। उन्होंने बताया कि यह रिश्ता उनकी और श्री जमीर की ही सोच का परिणाम था। उन्होंने कहा, "मुख्य विजन उंग्मा के जरिये सभी आओ लोगों के साथ और तुओफेमा के जरिये सभी अंगामी और तेन्यिमिया लोगों के साथ दोस्ती का पुल बनाना था, ताकि अंततः वह शांति सभी नगाओं तक पहुंचे।"श्री रियो ने सभा से आत्मनिरीक्षण करने और दोनों गांवों की स्थापित विरासत को आगे बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने उन्हें इस दोस्ती का विस्तार शेष नगा परिवार तक करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने इस बात पर गहरा संतोष व्यक्त किया कि युवा पीढ़ी विभिन्न विनिमय कार्यक्रमों और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से इस परंपरा को सक्रिय रूप से आगे बढ़ा रही है।

श्री जमीर ने अपने संबोधन में दोनों गांवों के बीच भाईचारे का जिक्र करते हुए तमाम नगाओं के बीच तत्काल शांति और एकता का आह्वान किया।

अपने लंबे और ऐतिहासिक राजनीतिक करियर को याद करते हुए श्री जमीर ने इस बात पर दुख जताया कि अतीत में नगाओं के बीच कोई 'वाद' नहीं था। उन्होंने उल्लेख किया कि पहले केवल एक ही शीर्ष संस्था होती थी, जिसके तहत सभी जनजातीय होहो (निकाय) पूर्ण सामंजस्य के साथ काम करते थे। नगा समाज की वर्तमान स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि क्षेत्रवाद और जातिवाद चरम पर पहुंच गया है। भूमिगत और मुख्यधारा, दोनों स्तरों पर गुटों की संख्या बढ़ गयी है और भौतिकवाद नैतिकता को कुचल रहा है। उन्होंने नगाओं के दृष्टिकोण एवं व्यवहार में बड़े बदलाव की पुरजोर अपील की तथा एक मजबूत, अधिक शांतिपूर्ण और समृद्ध नागालैंड बनाने के लिए एक नये विजन पर जोर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित