दीमापुर , अप्रैल 05 -- नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफियू रियो ने कहा है कि भले ही नागा समुदाय का भौतिक एकीकरण अभी तक नहीं हो पाया है, लेकिन नागा पीपुल्स फ्रंट (एनपीएफ) सीमाओं के पार नागाओं के 'राजनीतिक एकीकरण' के लिए काम कर रही है।

नागालैंड के मुख्यमंत्री और एनपीएफ अध्यक्ष रियो ने नागा समुदाय के कल्याण के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि यह पार्टी नागा इतिहास में गहराई से जुड़ी है और उनकी पहचान, संस्कृति तथा परंपरा की संरक्षक है।

वह शनिवार को चिएफोबोजोऊ में आयोजित एनपीएफ की परामर्श बैठक को संबोधित कर रहे थे, जिसकी जानकारी पार्टी के प्रेस ब्यूरो ने दी।

श्री रियो ने दावा किया कि एनपीएफ ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो नागा इतिहास के बारे में सच्चाई सामने रखती है और ऐसे नेताओं को तैयार करती है जो वास्तव में जनता की सेवा करते हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से एनपीएफ को और मजबूत बनाने तथा नागा समाज के उत्थान के लिए काम करने का आह्वान किया।

उन्होंने नागा उग्रवादी समूहों और भारत सरकार के बीच हुए समझौतों के लागू न होने पर निराशा जताई। उन्होंने कहा कि जब तक इन समझौतों को लागू नहीं किया जाएगा, तब तक कोई स्थायी समाधान संभव नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित