पटना , मई 19 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को नागर विमानन मंत्रालय, भारत सरकार से पटना हवाई अड्डे के रनवे विस्तार और क्षमता वृद्धि के कार्य में तेजी लाने का आग्रह करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस दिशा में पूरा सहयोग करेगी। मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने आज लोक सेवक आवास, 1 अणे मार्ग स्थित 'संकल्प' सभागार में नागर विमानन मंत्रालय, भारत सरकार तथा बिहार सरकार के सिविल विमानन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर राज्य में हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार, हवाई अड्डों के विकास और विमानन अवसंरचना को मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में सिविल विमानन विभाग के सचिव निलेश रामचन्द्र देवरे ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से राज्य के हवाई अड्डों और हवाई पट्टियों के विकास एवं आधुनिकीकरण, सुरक्षा ढांचे के विस्तार, उड़ान योजना तथा विभिन्न विमानन परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी।
नागर विमानन मंत्रालय, भारत सरकार के सचिव समीर कुमार सिन्हा ने पटना हवाई अड्डे के रनवे विस्तार एवं क्षमता वृद्धि,दरभंगा हवाई अड्डे को अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाने, अजगैबीनाथ धाम ग्रीनफिल्ड हवाई अड्डा परियोजना, पूर्णिया हवाई अड्डे के स्थायी सिविल एन्क्लेव निर्माण, मुजफ्फरपुर- वाल्मीकिनगर, सहरसा और बीरपुर हवाई अड्डों के विकास तथा फारबिसगंज हवाई अड्डे के उन्नयन सहित कई विषयों पर सुझाव दिये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित