पटना , अगस्त 15 -- बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने शनिवार को कहा कि देशभक्ति केवल गीतों, नारों और उत्सवों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसे सेवा, स्वच्छता, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण के रूप में अपने जीवन में उतारना चाहिए।

श्री हसनैन ने आज स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बिहार विधान सभा सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देशभक्ति गीतों और फिल्मों का उल्लेख किया और शहीद तथा हकीकत जैसी फिल्मों तथा उनके प्रेरणादायी गीतों को याद किया।

राज्यपाल ने कहा कि देशभक्ति संगीत मन में राष्ट्र के प्रति गर्व और भावनाओं को मजबूत करता है।

सेना में अपने अनुभव साझा करते हुए राज्यपाल ने बताया कि सशस्त्र सेनाओं में देशभक्ति को अलग-अलग तरीकों से व्यक्त किया जाता है। ऊँची पर्वत चोटियों पर तिरंगा फहराना, सामाजिक सेवा करना और जरूरतमंदों की मदद करना भी देशभक्ति की मजबूत अभिव्यक्ति है।

श्री हसनैन ने वर्ष 1995 की एक घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि सियाचिन से लौटते समय उनकी यूनिट को सांबा में ट्रेन के लिए कई दिनों तक इंतजार करना पड़ा। स्वतंत्रता दिवस पर केवल ध्वजारोहण और उत्सव मनाने के बजाय जवानों ने रेलवे स्टेशन की सफाई करने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि देशभक्ति का असली अर्थ है राष्ट्र के लिए कुछ सकारात्मक और उपयोगी करना।

राज्यपाल ने स्वच्छ भारत अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस और गांधी जयंती जैसे अवसरों पर हमें अपने आसपास की सफाई और सामाजिक सेवा के कार्य जरूर करने चाहिए। उन्होंने बिहार में चल रहे टीबी-मुक्त बिहार अभियान का भी उल्लेख किया और कहा कि समाज की सेवा करना भी देशभक्ति है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित