मुंबई , फरवरी 18 -- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) के विधायक रोहित पवार ने बारामती विमान दुर्घटना को लेकर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू को पद से हटाने की मांग की है।

श्री पवार ने बुधवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि श्री नायडू उस दिल्ली स्थित एयर चार्ट कंपनी 'वीएसआर' के मालिकों के करीब हैं, जिसका विमान 28 जनवरी को बारामती में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इसी विमान में उनके चाचा और पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार यात्रा कर रहे थे। उस हादसे में उनका निधन हाे गया था।

श्री पवार ने आरोप लगाया कि वीएसआर कंपनी के मालिकों को "संरक्षण" दिया जा रहा है क्योंकि नागरिक उड्डयन मंत्री उस तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) से ताल्लुक रखते हैं, जो केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सहयोगी है। उन्होंने कहा कि वीएसआर के मालिक वी.के. सिंह के बेटे की शादी में महाराष्ट्र के कुछ पूर्व मंत्री और आंध्र प्रदेश के शीर्ष तेदेपा नेता शामिल हुए थे।

श्री पवार ने तर्क दिया कि नैतिक आधार पर नायडू को मंत्री पद पर नहीं रहना चाहिए क्योंकि अभी तक प्रारंभिक जांच रिपोर्ट भी नहीं आई है और ऐसा प्रतीत होता है कि कंपनी को बचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने इस मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की।

श्री पवार ने इस दुर्घटना को एक "हत्या" की संभावना बताते हुए कहा कि इसके पीछे दो राजनीतिक कारण हो सकते हैं। पहला यह कि राकांपा का राजग में विलय हो जाता या फिर श्री अजित पवार को सत्ता छोड़नी पड़ती। उन्होंने दावा किया कि कुछ समूहों को यह राजनीतिक गणित पसंद नहीं था, इसलिए उन्होंने इस साजिश को अंजाम दिया होगा। उन्होंने भाजपा आईटी सेल के एक सदस्य के हटाए गए ट्वीट का भी हवाला दिया, जिसमें महाराष्ट्र की राजनीति में "भूकंप" आने की भविष्यवाणी की गई थी।

श्री पवार ने वीएसआर कंपनी पर गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए कहा कि विमान का इंजन अपनी उम्र पूरी कर चुका था और उसकी वारंटी समाप्त हो गई थी। उन्होंने बीमा घोटाले का आरोप लगाते हुए कहा कि विमान 10-15 करोड़ रुपये की गुणवत्ता का था, लेकिन उसका बीमा मूल्य 55 करोड़ रुपये और देयता बीमा 210 करोड़ रुपये था। उन्होंने दावा किया कि विमान को जानबूझकर क्रैश कराया गया क्योंकि कंपनी को इससे कोई वित्तीय नुकसान नहीं होने वाला था।

उन्होंने ने यह भी खुलासा किया कि मुख्य पायलट शराब पीने की आदतों के कारण पहले निलंबित रह चुका था। उन्होंने आरोप लगाया कि वीएसआर में नियमों का घोर उल्लंघन होता था, जहाँ कोई भी पायलट किसी भी प्रकार का विमान उड़ाता था। इसके साथ ही, उड़ान से पहले होने वाले 'ब्रेथ एनालाइज़र' टेस्ट नियमित रूप से नहीं किए जाते थे। उन्होंने सवाल उठाया कि जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त नेता को "क्षतिग्रस्त विमान" क्यों दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित