बैतूल , अप्रैल 24 -- नागपुर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को एक आठ वर्षीय बालक संदिग्ध अवस्था में मिला, जिसे रेलवे अधिकारियों की सतर्कता से सुरक्षित चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपुर्द कर दिया गया।

रेलवे सूत्रों के अनुसार विदिशा निवासी कुशल नामक बालक नई दिल्ली से चेन्नई जाने वाली ट्रेन संख्या 12616 जीटी एक्सप्रेस से नागपुर पहुंचा और प्लेटफॉर्म क्रमांक तीन पर अकेला घूमता हुआ पाया गया। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात हेड टिकट परीक्षक विवेक व्यवहारे की नजर उस पर पड़ी।

श्री व्यवहारे ने बालक से बातचीत की, जिसमें उसने बताया कि वह अपनी मां की मारपीट से परेशान होकर घर से निकल आया है। बच्चे के पास कोई मोबाइल या परिजनों का संपर्क विवरण नहीं था, जिससे तत्काल परिवार से संपर्क नहीं हो सका। मानवीय पहल करते हुए कर्मचारी ने पहले बच्चे को भोजन और पानी उपलब्ध कराया, इसके बाद संबंधित अधिकारियों को सूचना देकर चाइल्ड हेल्पलाइन को बुलाया गया। चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने मौके पर पहुंचकर बालक को अपने संरक्षण में ले लिया है और उसके परिजनों का पता लगाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित