रायपुर , जून 30 -- महाराष्ट्र के नागपुर फैक्ट्री विस्फोट मामले में वांछित एसबीएल एनर्जी लिमिटेड (पूर्व नाम अमीन एक्सप्लोसिव प्राइवेट लिमिटेड) के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) आलोक संपत सिंह चौधरी तथा उनके भाई संजय संपत सिंह चौधरी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में दबिश दी। हालांकि दोनों आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगे।
पुलिस से मंगलवार को मिली जानकारी के अनुसार नागपुर पुलिस की एक टीम सोमवार को रायपुर पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से दोनों आरोपियों के संभावित आवासों तथा कंपनी के कार्यालय में तलाशी अभियान चलाया। दोनों के खिलाफ पहले से आपराधिक प्रकरण दर्ज है तथा न्यायालय से उनके विरुद्ध स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया जा चुका है।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष एक मार्च को नागपुर स्थित एसबीएल एनर्जी के गोला-बारूद एवं डेटोनेटर निर्माण संयंत्र में हुए भीषण विस्फोट में 23 कर्मचारियों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हुए थे।
जांच के दौरान पुलिस ने कंपनी के सीईओ, उनके भाई तथा अन्य जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध गैर-इरादतन हत्या, साक्ष्य छिपाने सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया। बाद में बॉम्बे हाईकोर्ट की नागपुर पीठ ने आलोक संपत सिंह चौधरी और संजय संपत सिंह चौधरी की अग्रिम जमानत याचिका निरस्त कर दी।
इसके बाद 23 मार्च को कलमेश्वर अदालत ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया। साथ ही उनके खिलाफ लुक-आउट सर्कुलर (एलओसी) भी जारी किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित