नागपुर , जुलाई 23 -- महाराष्ट्र में नागपुर के महल इलाके में एक महिला और उनका बेटा अपने घर के भीतर मृत पाये गये।
पुलिस ने गुरुवार को बताया कि संदेह है कि दोनों ने कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या की है। मृतकों की पहचान अभया अनंत खानखोजे (52) और उनके बेटे अद्वैत अनंत खानखोजे (33) के रूप में हुई है। वे कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत श्री गुरु माउली अपार्टमेंट में रहते थे।
पुलिस के अनुसार, यह घटना बुधवार रात तब सामने आयी, जब एक पड़ोसी ने अधिकारियों को जानकारी दी कि फ्लैट सुबह से बंद था और उसमें रहने वालों से संपर्क करने की बार-बार कोशिश करने पर भी कोई जवाब नहीं मिल रहा था। जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस रात करीब 21.30 बजे अपार्टमेंट में दाखिल हुई और मां एवं बेटे को एक बेडरूम में मृत पाया।
मौके पर जांच के दौरान, जांचकर्ताओं को हाथ से लिखा एक पत्र बरामद हुआ, जिसे आत्महत्या का पत्र माना जा रहा है। इसके अलावा संदिग्ध जहरीले पदार्थ की दो बोतलें और दो मोबाइल फोन मिले हैं, जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ से पता चलता है कि दोनों मृतक कैंसर से जूझ रहे थे और उनका इलाज चल रहा था।
जांचकर्ताओं को अंदेशा है कि लंबे समय से जारी बीमारी और उससे उपजे मानसिक तनाव के कारण उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया होगा। सटीक परिस्थितियों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चलेगा। शवों को पोस्टमार्टम के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेज दिया गया है।
पुलिस पत्र में लिखावट की प्रामाणिकता की भी जांच करेगी। मौत के अंतिम कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम और रासायनिक विश्लेषण रिपोर्ट मिलने के बाद होगी। पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया है और आगे की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित