नागपुर , मार्च 02 -- महाराष्ट्र के नागपुर में विस्फोटक बनाने एक प्राइवेट कारखाने में हुए धमाके में एक और घायल कर्मी की मौत के बाद मरने वालों की संख्या बढ़कर 19 हो गयी है। पुलिस ने सोमवार को इसकी पुष्टि की। मरने वालों में 15 महिलाएं और चार पुरुष हैं।

अधिकारियों के अनुसार, 23 अन्य घायल मज़दूरों का अभी अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। यह धमाका रविवार को एसबीएल एनर्जी लिमिटेड के कारखाने में हुआ था। बताया जा रहा है कि धमाका प्लांट के डेटोनेटर हिस्से में हुआ और यह इतना तेज़ था कि कई कर्मियों की तुरंत मौत हो गयी, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। ज़ोरदार धमाके और उसके बाद लगी आग में कई शव बुरी तरह जल गए, जिससे उनकी पहचान करना एक बड़ी चुनौती बन गया।

इस बीच, प्रशासन ने घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। शुरुआती संकेतों से पता चलता है कि कारखाने में सुरक्षा प्रोटोकॉल, नियमों का पालन करने के तरीके और ऑडिट व्यवस्था की बारीकी से जांच की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित