नागपुर , जुलाई 04 -- नागपुर पुलिस ने भांडेवाड़ी इलाके में एक 45 वर्षीय व्यक्ति की हत्या मामले में उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया है। पत्नी ने लंबे समय से चले आ रहे घरेलू विवादों के कारण पति को रास्ते से हटाने के लिए सुपारी दी थी।
मृतक गणेश बोरकर पर दो जुलाई की रात भांडेवाड़ी के पास उस समय धारदार हथियारों से हमला किया गया था, जब वह चाय की दुकान से घर लौट रहे थे। उनकी मौके पर ही मौत हो गयी थी।
पुलिस ने शनिवार को बताया कि इस साजिश में शामिल दो अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी है, जबकि मृतक की पत्नी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जांचकर्ताओं ने खुफिया जानकारी जुटायी और पीड़ित परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किये। उनके बीच बार-बार होने वाले वैवाहिक विवादों और लंबे समय से पत्नी के धमकी देने के बारे में पता चलने पर शक की सुई पीड़ित की पत्नी की तरफ घूमी। गिरफ्तार महिला की पहचान मनीषा बोरकर (37) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान उसने अपने पति की हत्या की साजिश रचने की बात कबूल ली है।
पुलिस ने कहा कि वह बार-बार होने वाले घरेलू कलह के कारण अपने बच्चों के साथ अलग रह रही थी और उसने हत्या को अंजाम देने के लिए एक लाख रुपये की सुपारी दी थी।
जांचकर्ताओं ने बताया कि 50,000 रुपये अग्रिम दिये जा चुके थे, जबकि शेष राशि का भुगतान हत्या को अंजाम देने के बाद किया जाना था। पुलिस ने इस मामले में अभिजीत सखारे (29) को भी गिरफ्तार किया है। रोहित बोरकर और एक नाबालिग आरोपी फरार हैं। पुलिस उनका पता लगाने में जुटी है।
पुलिस ने कहा कि मृतक का आपराधिक रिकॉर्ड था और वह हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर अपराधों सहित 18 मामलों का सामना कर रहा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित