उज्जैन , अगस्त 13 -- मध्यप्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में श्रावण मास की तृतीय सवारी, तृतीय सोमवार एवं नागपंचमी पर्व एक ही दिन होने के कारण श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए श्री महाकालेश्वर एवं श्री नागचंद्रेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

श्री नागचंद्रेश्वर मंदिर में सामान्य दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का प्रवेश कर्कराज पार्किंग से होगा। यहां से भील समाज धर्मशाला, गोंड मोहल्ला, चारधाम, हरसिद्धि चौराहा एवं बड़ा गणेश होते हुए गेट क्रमांक-4 से मंदिर परिसर में प्रवेश कर विश्रामधाम के रास्ते दर्शन किए जा सकेंगे। दर्शन के बाद प्रीपेड बूथ से निकासी कर 24 खंबा रोड होते हुए श्रद्धालु कर्कराज पहुंचेंगे। शीघ्र दर्शन के लिए हरसिद्धि पाल से बड़ा गणेश गली होते हुए गेट क्रमांक-5 से प्रवेश निर्धारित किया गया है। दर्शन के बाद प्रीपेड बूथ से निकासी होगी।

श्री महाकालेश्वर मंदिर में सामान्य दर्शन के लिए त्रिवेणी संग्रहालय स्थित त्रिवेणी प्रवेश द्वार से प्रवेश होगा। श्रद्धालु नदी द्वार, मानसरोवर फैसिलिटी, गणेश मंडप एवं कार्तिक मंडप होते हुए दर्शन करेंगे। निकासी एम्बुलेंस गेट एवं पिनाकी द्वार से होगी। शीघ्र दर्शन के लिए नीलकंठ द्वार से प्रवेश व्यवस्था रहेगी।

नागपंचमी पर वर्ष में एक बार होने वाले भगवान नागचंद्रेश्वर के दर्शन के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु उज्जैन पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर प्रबंध समिति द्वारा शीघ्र दर्शन की ऑनलाइन टिकट व्यवस्था की गई है। श्रद्धालु मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट से टिकट बुक कर सकते हैं। टिकट का प्रिंटआउट साथ लाना अनिवार्य रहेगा।

मंदिर परिसर में मोबाइल फोन प्रतिबंधित रहेंगे। श्रद्धालुओं से निर्धारित प्रवेश मार्ग एवं समय का पालन करने तथा अनधिकृत व्यक्तियों से टिकट के लिए संपर्क नहीं करने की अपील की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित