नयी दिल्ली , मई 30 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने राजधानी में पड़ रही भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच बेघर एवं बेसहारा लोगों की मौतों को लेकर शनिवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार का समर एक्शन प्लान पूरी तरह विफल साबित हुआ है।
श्री यादव ने दावा किया कि मई 2026 में ही गर्मी के कारण 157 अज्ञात बेघर लोगों की मौत हो चुकी है, जो अत्यंत चिंताजनक स्थिति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि एम्स, सफदरजंग, राम मनोहर लोहिया और लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल जैसे बड़े सरकारी अस्पतालों के बाहर मरीजों के परिजन, महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग खुले आसमान के नीचे भीषण गर्मी झेलने को मजबूर हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि इन स्थानों पर पेयजल, शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं का गंभीर अभाव है। कांग्रेस नेता ने एक स्वतंत्र ऑडिट रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि गर्मी से प्रभावित फुटपाथ पर रहने वाले 97.01 प्रतिशत लोगों को अस्पतालों की चिकित्सा टीमों से कोई सहायता या निगरानी नहीं मिली।
उन्होंने कहा कि बेघर लोगों के अलावा गिग वर्कर, डिलीवरी कर्मी, चालक, निर्माण श्रमिक और प्रवासी मजदूर भी भीषण गर्मी की मार झेल रहे हैं, लेकिन उनके लिए कोई प्रभावी राहत व्यवस्था जमीनी स्तर पर दिखाई नहीं दे रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित