झुंझुनू , फरवरी 22 -- राजस्थान में झुंझुनू जिले के धनूरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने नाकाबंदी तोड़कर फरार हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सू्त्रों ने रविवार को बताया कि पकड़े गए दोनों बदमाशों पर पांच-पांच हजार रुपए का इनाम घोषित था। थानाधिकारी संजय गौतम के नेतृत्व में गठित विशेष दल ने दबिश देकर हरियाणा के सिरसा क्षेत्र से दोनों गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विरेंद्र उर्फ पवन कुमार (41) निवासी पनीवाला मोटा, सिरसा (हरियाणा) और रायसिंह उर्फ देवीलाल (38) निवासी खारी सुरेरा, सिरसा (हरियाणा) के रूप में हुई है। गिरोह का एक अन्य सदस्य रविंद्र उर्फ रवि पहले ही पुलिस गिरफ्त में आ चुका है।
पुलिस ने बताया कि झुंझुनू जिले के बगड़ थाना क्षेत्र में 29 अगस्त 2025 को रात में पुलिस ने खुडाना तिराहा बाईपास पर नाकाबंदी लगा रखी थी। इसी दौरान एक संदिग्ध सफेद फॉर्च्यूनर कार आई जिसे पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो अगली सीट पर बैठे बदमाश ने अचानक एक काला बैग सड़क पर फेंक दिया और चालक गाड़ी तेजी से भगा ले गया। पुलिस ने बैग खोलकर देखा तो उसमें एक पिस्तौल मय मैगजीन, 12 जिंदा कारतूस, 29 हजार 560 रुपए नकद और छह चाबियां बरामद हुईं। इसके बाद पुलिस ने जांच के बाद बदमाशों कि शिनाख्त कर ली। बाद में तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित