अबुजा , मार्च 17 -- नाइजीरिया के मैदुगुरी शहर में सोमवार शाम हुए तीन सिलसिलेवार बम धमाकों में कम से कम 23 लोगों की मौत हो गयी और 108 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी ।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि इन हमलों में शहर के व्यस्ततम इलाकों को निशाना बनाया गया है।प्रारंभिक जांच से पता चला है कि संदिग्ध आत्मघाती हमलावरों ने 'मंडे मार्केट', 'यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल' के गेट और 'पोस्ट ऑफिस क्षेत्र में आईईडी के जरिए ये विस्फोट किए। धमाके उस समय हुए जब इन इलाकों में लोगों की भारी भीड़ मौजूद थी, जिससे हताहतों की संख्या में इजाफा हुआ।

विस्फोटों के तुरंत बाद सुरक्षा बलों की एक संयुक्त टीम को प्रभावित क्षेत्रों में भेजा गया ताकि स्थिति को नियंत्रित किया जा सके और किसी भी संभावित खतरे को रोका जा सके।

प्रवक्ता ने पुष्टि की है कि वर्तमान में मैदुगुरी में स्थिति सामान्य हो गई है। हालांकि पूरे शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित