फिरोजाबाद , जून 20 -- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में शिकोहाबाद थाना क्षेत्र की भूडा नहर में एक युवक और विवाहिता का शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों के हाथ एक ही कपड़े से बंधे मिले हैं।
पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को प्रेम संबंधों के चलते आत्महत्या से जोड़कर देख रही है और सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार शुक्रवार देर शाम नगला प्रभू गांव के ग्रामीणों ने भूडा नहर में एक युवक और एक महिला का शव तैरता देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की सहायता से दोनों शवों को बाहर निकलवाया। जांच के दौरान पाया गया कि दोनों के हाथ एक ही कपड़े से बंधे हुए थे।
तलाशी के दौरान युवक की जेब से मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद हुआ, जिसके आधार पर उसकी पहचान एटा जिले के आवागढ़ थाना क्षेत्र के सहनवा गांव निवासी जितेंद्र लोधी (25) के रूप में की गई। वहीं महिला की पहचान जसराना थाना क्षेत्र के नगला फरीदा निवासी फूलन देवी, पत्नी उदयवीर सिंह, के रूप में हुई। वह वर्तमान में शिकोहाबाद क्षेत्र के मोहिनीपुर गांव स्थित अपने मायके में रह रही थी। मृतका के दो बच्चे भी हैं।
मृतक के भाई रोहित ने पुलिस को बताया कि जितेंद्र नागपुर में काम करता था और 17 जून को नागपुर जाने की बात कहकर घर से निकला था। बाद में उसने ट्रेन छूट जाने की जानकारी दी थी, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटा। परिजनों के अनुसार उसका मोबाइल भी बंद जा रहा था। उन्होंने कहा कि उन्हें किसी महिला से उसके संबंधों की जानकारी नहीं थी।
उधर, मृतका के पति उदयवीर सिंह ने बताया कि फूलन देवी 18 जून की दोपहर से घर से लापता थी। उसकी तलाश की जा रही थी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस से सूचना मिलने पर ही उसकी मृत्यु की जानकारी हुई। उन्होंने बताया कि वह शटरिंग का काम करते हैं और काम से लौटने पर बच्चों ने उन्हें पत्नी के घर से गायब होने की सूचना दी थी। परिजनों के अनुसार मृतक जितेंद्र दूर का रिश्तेदार था और इसी कारण उसका फूलन देवी के घर आना-जाना था।
क्षेत्राधिकारी शिकोहाबाद अमरीश कुमार ने बताया कि नहर से बरामद दोनों शवों की पहचान कर ली गई है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम संबंधों के चलते आत्महत्या का प्रतीत होता है, हालांकि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम करा लिया गया है और रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित