हरिद्वार , जुलाई 26 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में रुड़की के आसफ नगर झाल में रविवार दोपहर नहाते समय एक किशोर गंग नहर के तेज बहाव में डूब गया। सूचना मिलते ही पुलिस, सिंचाई विभाग और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। नहर का पानी बंद कराकर किशोर की तलाश के लिए सर्च अभियान चलाया गया।
पुलिस के अनुसार, रविवार को दोपहर कंट्रोल रूम रुड़की को सूचना मिली कि आसफ नगर झाल पर एक 16-17 वर्षीय किशोर नहर में नहाते समय डूब गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में पता चला कि अभय पंत, पुत्र मनोज पंत, निवासी सोनालीपुरम, रुड़की, अपने मित्र पीयूष जुयाल के साथ नहर में नहाने आया था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित