देहरादून , अप्रैल 22 -- उत्तराखंड के देहरादून जिला अंतर्गत शक्ति नहर में एक महिला ने आत्महत्या के लिए छलांग लगा दी। मौके पर पहुंची राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की गोताखोर टीम ने बेहोशी की अवस्था में महिला को नहर से निकाल कर उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा है।
एसडीआरएफ प्रवक्ता ने बताया कि आज दोपहर 12:15 बजे चौकी डाकपत्थर से सूचना प्राप्त हुई कि डाकपत्थर स्थित झूला पुल के पास एक महिला शक्ति नहर में कूद गई है। इस पर रेस्क्यू टीम अपर उपनिरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय पुलिस बल और लोगों के सहयोग से त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि संयुक्त प्रयासों से महिला को बेहोशी की अवस्था में नहर से बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल भेजा गया। उक्त महिला की पहचान के लिए जिला पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित