चंदौली , अक्टूबर 22 -- चंदौली जिले में धीना थाना क्षेत्र के डेढ़ागावा गांव के पास नहर और नाले से गुरुवार को दो अज्ञात व्यक्तियों के शव मिलने से सनसनी फैल गई।
दोनों की उम्र करीब 32 और 35 वर्ष बताई जा रही है। प्रारंभिक निरीक्षण में शवों पर धारदार हथियार और गोली से हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है। दोनों शव अलग-अलग स्थानों से बरामद हुए हैं। पुलिस दोनों घटनाओं के बीच संबंध होने की संभावना की भी जांच कर रही है।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक चंदौली ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके पर पुलिस बल के साथ फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड और सर्विलांस टीम साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने के साथ दोनों शवों की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। दोनों व्यक्तियों की पहचान होने और मौत के कारणों का पता चलने के बाद ही घटना की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल दोनों शवों के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित