बारां , जून 16 -- राजस्थान के बारां जिले में नहरी किसान संघर्ष एवं सिंचाई समिति के अध्यक्ष पवन यादव के नेतृत्व में किसानों के एक शिष्टमंडल ने परवन वृहद सिंचाई परियोजना के तहत निर्माणाधीन बांध का अवलोकन किया।
शिष्टमंडल में अशोक सुमन, भुवनेश यादव, राजेंद्र गौड़, सत्यनारायण नागर, रामावतार मीणा, महेंद्र सुमन और अन्य किसान शामिल रहे।
किसानों ने बांध के निर्माण कार्य की प्रगति का निरीक्षण करते हुए बताया कि बांध के सभी द्वार लगाये जा चुके हैं और ऊपरी हिस्से का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। बांध के पूर्ण होने और सुरंग के अंतिम निर्माण कार्य के बाद परियोजना के आगे बढ़ने पर किसानों ने प्रसन्नता व्यक्त की।
इस दौरान समिति अध्यक्ष पवन यादव ने कहा कि दाईं एवं बाईं मुख्य नहरों का निर्माण भी इसी गति से किया जाता, तो क्षेत्र के किसानों को जल्द सिंचाई सुविधा मिलने की उम्मीद पूरी हो सकती थी।
उन्होंने कहा कि परवन वृहद सिंचाई परियोजना का मुख्य उद्देश्य किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराना है और इसके लिए नहर निर्माण कार्य में तेजी लाना आवश्यक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित